पंचकूला | पंचकूला के उपायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी सतपाल शर्मा ने आगामी जनगणना-2027 की रूपरेखा स्पष्ट कर दी है। जिला सचिवालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी, जिसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर नगराधीश जागृति और जिला जनगणना समन्वयक मधु यादव भी मौजूद रहीं।
दो चरणों में होगी प्रक्रिया
-
प्रथम चरण (1 मई से 30 मई 2026): इसमें मकानों का सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। पंचकूला जिला को 581 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में बांटा गया है।
-
द्वितीय चरण (9 फरवरी से 28 फरवरी 2027): इस दौरान पूरे भारतवर्ष के साथ पंचकूला में भी वास्तविक जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक नागरिक की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
तकनीकी प्रशिक्षण और तैनाती
डीसी ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए 747 प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षक (Supervisors) नियुक्त किए गए हैं। इन सभी को ट्रेनिंग देने के लिए 10 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं। सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण 22 अप्रैल 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, ताकि 1 मई से फील्ड वर्क सुचारू रूप से शुरू हो सके।
स्वयं गणना (Self-Enumeration) की सुविधा
इस बार सरकार ने नागरिकों को ‘स्वयं गणना’ का विकल्प दिया है।
-
समय सीमा: 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक।
-
प्रक्रिया: नागरिक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण भर सकते हैं।
-
महत्वपूर्ण: जानकारी भरने के बाद 11 अंकों का एक ‘स्वयं गणना आईडी’ नंबर मिलेगा। जब प्रगणक घर आएंगे, तो उन्हें केवल यह आईडी नंबर दिखाना होगा।
33 सवालों का देना होगा जवाब
जनगणना प्रपत्र में लगभग 33 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इसमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान की स्थिति, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे डेटा जुटाए जाएंगे। डीसी ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर जानकारी भरते समय मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है।
“नागरिकों से अपील है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। प्रगणक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके आईडी कार्ड को QR कोड से स्कैन भी किया जा सकता है। सही डेटा ही भविष्य की विकास योजनाओं का आधार बनेगा।”
— सतपाल शर्मा, उपायुक्त, पंचकूला
