Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA:‘जुर्म का कुआं’ बना बझेड़ा: पत्थर से बंधी हसीना की लाश मिलने से सनसनी, पति पर शक गहराया

नूंह जिले के बझेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जंगलों के बीच स्थित एक पुराने कुएं से 26 वर्षीय महिला हसीना का शव पत्थर से बंधा हुआ बरामद किया गया। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, राहगीरों की नजर जैसे ही कुएं में पड़ी, उन्होंने अंदर शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। शव के साथ भारी पत्थर बंधा होना इस मामले को और भी रहस्यमय और गंभीर बना रहा है।

मृतका के परिजनों ने रफीक नामक व्यक्ति, जो कि हसीना का पति बताया जा रहा है, पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि करीब पांच साल पहले जबरन कोर्ट मैरिज कर हसीना को अपने साथ ले जाया गया था, जिसके बाद से उसकी जिंदगी परेशानियों से घिरी रही। उन्होंने आरोपी पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने और लगातार धमकियां देने के भी आरोप लगाए हैं।

मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि 18 तारीख को खुद पति ने हसीना की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 तारीख को केस दर्ज हुआ और करीब 10 दिन बाद उसी क्षेत्र के कुएं से उसका शव बरामद हो गया। इस घटनाक्रम ने पति की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस भी इस एंगल से जांच कर रही है।

बझेड़ा रोड स्थित यह कुआं अब ‘जुर्म का कुआं’ बनता नजर आ रहा है। शव निकालने के दौरान इसी कुएं से दो मोटरसाइकिलों के चेसिस भी बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि इस स्थान का इस्तेमाल पहले भी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाता रहा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुएं की गहराई से विस्तृत जांच की जाए, तो और भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

घटना के बाद गांव में भय और रोष का माहौल है। स्थानीय लोग इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं मृतका के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परवीन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *