Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: NH-19 किनारे ATM उखाड़ ले गए बदमाश, 4.39 लाख की चोरी, CCTV में कैद वारदात

पलवल। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे-19 के किनारे स्थित गांव औरंगाबाद में शनिवार देर रात पांच बदमाशों ने पीएनबी बैंक के एटीएम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एटीएम बूथ के बाहर लगे शटर के ताले तोड़कर मशीन को कार से खींचकर बाहर ले गए और उसमें रखे 4 लाख 39 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मूडकटी थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात 2 बजे दिया वारदात को अंजाम

थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि औरंगाबाद स्थित पीएनबी एटीएम को तोड़कर चोरी की गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि एटीएम बूथ का शटर उखड़ा हुआ था और मशीन टूटी हालत में बाहर पड़ी थी।

बैंक मैनेजर पल्लव राज लोचन ने शिकायत में बताया कि जब वह सुबह करीब 8:45 बजे शाखा पहुंचे तो एटीएम बूथ बाहर पड़ा मिला और उसमें रखी नकदी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि देर रात करीब 2 बजे टाटा नेक्सों कार में सवार पांच बदमाश आए और ताला तोड़कर एटीएम मशीन को कार से खींचकर बाहर निकाल लिया।

सुरक्षा में बड़ी लापरवाही उजागर

इस घटना में बैंक प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया गया कि एटीएम बूथ पर लंबे समय से कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। खुद बैंक मैनेजर ने भी इसकी पुष्टि की है।

पुलिस गश्त पर भी सवाल

हाईवे किनारे इस तरह की वारदात होने से पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पर्याप्त पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

टीम गठित, आरोपियों की तलाश जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और हाईवे सहित विभिन्न मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।