Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: निजी बसों की मनमानी पर भड़के छात्र, RTA कार्यालय पर किया प्रदर्शन

जींद। गोहाना रोड पर चल रही निजी बसों की मनमानी के खिलाफ छात्रों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। स्टूडेंट पास को मान्यता न देने और बसें न रोकने से परेशान छात्र-छात्राओं ने आरटीए (रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग उठाई।

पास होने के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा

छात्रों का आरोप है कि निजी बस संचालक स्टूडेंट पास को मान्यता नहीं दे रहे। इतना ही नहीं, कई बार बस चालक बस स्टॉप पर रुकने के बजाय तेज गति से निकल जाते हैं। कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि बस को उनके बेहद करीब ले जाकर खतरनाक स्थिति भी पैदा की गई।

ग्रामीण अड्डों पर सबसे ज्यादा परेशानी

गांव भमभेवा समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों के अड्डों पर यह समस्या रोजाना देखने को मिल रही है। छात्रों के अनुसार, जैसे ही चालक-परिचालक छात्रों को देखते हैं, बस की रफ्तार बढ़ा दी जाती है या थोड़ी दूरी पर रोककर उन्हें चढ़ाने से मना कर दिया जाता है। इससे छात्रों को मजबूरन महंगा किराया देकर दूसरी सवारी करनी पड़ती है या घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

सरकारी आदेशों की हो रही अनदेखी

छात्रों ने बताया कि हरियाणा परिवहन विभाग, चंडीगढ़ पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि स्टूडेंट पास निजी बसों में भी मान्य होंगे। इसके बावजूद बस संचालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

कार्रवाई की मांग, दी चेतावनी

समस्या से परेशान होकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आरटीए कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि स्टूडेंट पास को अनिवार्य रूप से लागू कराया जाए और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

जांच और कार्रवाई का आश्वासन

वहीं, आरटीए सचिव मनीष मदान ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी बस संचालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।