कुरुक्षेत्र। जिले के ढांड रोड पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
भात भरने जा रहा था युवक
मृतक की पहचान फिरोज खान (30) निवासी बजाज कॉलोनी, घरौंडा (जिला करनाल) के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी वैल्यूएशन का काम करता था और अपनी फुफेरी बहन की शादी में भात भरने के लिए घरौंडा से बारना गांव जा रहा था।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे जब फिरोज कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर खानपुर रोडान गांव के बस अड्डे के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही पिकअप (HR65A 0321) ने ओवरटेक करते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही फिरोज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर के बाद बाइक में लगी आग
हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी चालक फरार, वाहन कब्जे में
घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों—बेटी नायरा (3) और बेटा अयान (1)—को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जांच जारी
ज्योतिसर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच अधिकारी एएसआई जोधा राम ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
