फरीदाबाद। नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए आज एनआईटी तीन एच ब्लॉक में बड़ी कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दो जेसीबी मशीनों की मदद से ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया।
ग्रीन बेल्ट को कराया मुक्त
कार्रवाई के दौरान ग्रीन बेल्ट पर बने वर्कशॉप के शेड, लोहे की शीट्स, गाय बांधने की कोठरी, रेहड़ी-खोमचे, सीमेंटेड रैंप और दीवारों को हटाया गया। नगर निगम के जेई हर्ष चपराना ने बताया कि यह अभियान मुल्ला होटल से शुरू होकर प्याली चौक तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रीन बेल्ट को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करना है।
“लोग नहीं मानेंगे तो कार्रवाई जारी रहेगी”
निगम अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो प्रशासन अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
वहीं, कार्रवाई से प्रभावित स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि वे कई वर्षों से यहां छोटे-मोटे काम करके अपनी आजीविका चला रहे थे। लोगों का दावा है कि उनकी दुकानों और वर्कशॉप से सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी नहीं बनती थी।
रोजगार पर पड़ा असर
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अचानक हुई तोड़फोड़ से उनका रोजगार प्रभावित हुआ है। कुछ लोगों ने भावुक होते हुए कहा कि कार्रवाई के दौरान उनके बच्चों तक पर असर पड़ा और वे रोने लगे।
