कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा और जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय राज्यस्तरीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ अंबाला रेंज के कमिश्नर संजीव वर्मा ने किया। इस शिविर में प्रदेशभर से आए प्रशिक्षणार्थियों को बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं।
“आपदा में जीवन बचाना सबसे बड़ी सेवा”
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कमिश्नर संजीव वर्मा ने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग प्रदेश का सबसे पुराना और महत्वपूर्ण विभाग है, जो प्राकृतिक आपदाओं के समय लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय किसी का जीवन बचाना समाज की सबसे बड़ी सेवा है।
हर समय मुस्तैद रहने का संदेश
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहना जरूरी है। सीखने के जज्बे के साथ प्रशिक्षण लेने वाले प्रतिभागी अपने-अपने जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को मजबूत करेंगे।
बाढ़ से बचाव के लिए विशेष प्रशिक्षण
शिविर में प्रतिभागियों को बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्य, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, पशुधन की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।
बरसात के मौसम को देखते हुए तैयारी जरूरी
कमिश्नर ने कहा कि बरसात के दिनों में बाढ़ की समस्या आम है, ऐसे में जनजीवन और पशुधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए प्रशिक्षणार्थियों को हर पहलू को बारीकी से समझना और अभ्यास करना जरूरी है।
