शाहाबाद। शाहाबाद के गांव रावा में लिव-इन रिलेशन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव के एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी लिव-इन पार्टनर और उसके दो बच्चों को जबरन घर से उठाकर ले जाया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है।
6 महीने पहले हुई थी जान-पहचान
गांव रावा निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी लिव-इन पार्टनर की शादी करीब 15 वर्ष पहले इस्माइलाबाद निवासी नायब सिंह के साथ हुई थी। महिला के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है।
सोनू के अनुसार करीब छह महीने पहले उसकी महिला से जान-पहचान हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद महिला अपनी मर्जी से अपने पति का घर छोड़कर उसके साथ रहने लगी।
पिहोवा कोर्ट में कराया था इकरारनामा
शिकायतकर्ता ने बताया कि दोनों गांव रावा में साथ रह रहे थे। पिछले महीने 7 अप्रैल को उन्होंने पिहोवा कोर्ट में जाकर लिव-इन रिलेशन का इकरारनामा भी कराया था। यह दस्तावेज नोटरी के माध्यम से रजिस्टर कराया गया था।
सोनू का कहना है कि कुछ दिन पहले महिला के पति और उसके परिवार ने थाना इस्माइलाबाद में शिकायत दी थी, जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई। वहां महिला ने दोबारा उसके साथ रहने की बात कही थी। इसके बाद कथित तौर पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई थी।
पंचायत में बच्चों को छोड़ने की हुई बात
शिकायत के अनुसार, 4 मई को महिला का पहला पति गांव में पंचायत लेकर पहुंचा। पंचायत में बच्चों को मां के पास छोड़ने की बात हुई, जिस पर दोनों पक्ष सहमत हो गए।
बताया गया कि महिला का पति तीनों बच्चों को वहीं छोड़कर चला गया और बच्चों को अपने साथ रखने को लेकर सहमति जताई गई।
घर में घुसकर जबरन ले जाने का आरोप
सोनू ने आरोप लगाया कि घटना के दो दिन बाद महिला का पति, उसके परिवार के सदस्य और कुछ अन्य लोग घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर की महिलाओं के साथ झगड़ा किया और उसकी लिव-इन पार्टनर तथा दो बच्चों को जबरन अपने साथ ले गए।
तीसरे बच्चे को वहीं छोड़ दिया गया, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई गई है।
गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी गर्भवती भाभी के साथ मारपीट की। जाते समय कथित तौर पर परिवार को धमकी दी गई कि यदि महिला और बच्चों को वापस लाने की कोशिश की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस को दी शिकायत
मामले को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और महिला व बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में चर्चा का विषय बना मामला
लिव-इन रिलेशन, पंचायत और कथित जबरन ले जाने की घटना के बाद यह मामला गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
