Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: हिसार के होटल में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका

धुएं से घबराई युवती ने दूसरी मंजिल से लगाई छलांग, करोड़ों का नुकसान

हिसार।
हिसार शहर में एक होटल में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे होटल में चीख-पुकार मच गई। हादसे के दौरान धुएं से घबराकर एक युवती ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जबकि एक अन्य महिला भी घायल हो गई। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार आग होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और होटल के कई हिस्से इसकी चपेट में आ गए। आग लगने के बाद होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

धुएं से घबराई युवती ने लगाई छलांग

बताया जा रहा है कि होटल के साथ वाली बिल्डिंग में एक युवती किसी ऑफिस में काम करती थी। आग लगने के बाद होटल से उठता घना धुआं उसके कमरे तक पहुंच गया। युवती को लगा कि आग उसके ऑफिस तक पहुंच गई है और वह बुरी तरह घबरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती को नीचे खड़े लोगों ने दूसरी मंजिल से कूदने के लिए कहा ताकि उसकी जान बचाई जा सके। युवती ने हिम्मत जुटाकर छलांग लगा दी। नीचे मौजूद लोगों ने कंबल की सहायता से उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि युवती के पैर और रीढ़ में हल्की चोटें आई हैं। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सड़क से गुजर रही महिला भी घायल

घटना के दौरान वहां से गुजर रही एक महिला पुष्प भी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि अफरा-तफरी के बीच उसका पैर तार में उलझ गया, जिससे वह गिर गई और ईंट लगने से घायल हो गई। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

होटल में मचा हड़कंप

होटल में करीब 15 कमरे बने हुए थे। घटना के समय तीन कमरे बुक बताए जा रहे हैं। आग लगने के बाद होटल स्टाफ और वहां ठहरे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

आग फैलने के दौरान होटल में लगे चार से पांच एसी के कंप्रेसर फट गए, जिससे जोरदार धमाके हुए और आसपास के लोग दहशत में आ गए। धमाकों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पार्किंग में खड़े वाहन भी जले

आग की चपेट में होटल की पार्किंग में खड़े तीन वाहन भी आ गए, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। होटल के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री भी आग में स्वाहा हो गई।

गैस सिलेंडर समय रहते निकाले

आग लगने के बाद सबसे पहले होटल में रखे गैस सिलेंडरों को बाहर निकाला गया। यदि सिलेंडर आग की चपेट में आ जाते तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और नुकसान कई गुना बढ़ सकता था।

करोड़ों के नुकसान का दावा

होटल मालिक धर्मवीर ने बताया कि आग के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। होटल पांच मंजिला इमारत में बना हुआ था और आग ने कई मंजिलों को प्रभावित किया।

फायर विभाग जांच में जुटा

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिला फायर अधिकारी सुरेश ने बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है।

उन्होंने कहा कि आग में होटल का अधिकांश सामान जल गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *