डाबड़ा चौक फ्लाईओवर पर 100 मीटर तक घसीटी बाइक, हादसे के बाद चालक फरार
हिसार। शहर के सबसे व्यस्त डाबड़ा चौक फ्लाईओवर पर बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब एक बजे उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक फूड डिलीवरी कंपनी Zomato में राइडर के रूप में काम करते थे।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत कैंप चौक की ओर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
वहीं घायल युवक को उपचार के लिए Jindal Hospital में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
