होडल पुलिस ने मास्टरमाइंड वसीम को दबोचा, ट्रक चालक हत्या कांड का भी खुलासा
होडल। Haryana Police की होडल थाना पुलिस ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान एक और बड़ी वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में गैंग के मास्टरमाइंड वसीम को गिरफ्तार कर लिया है तथा लूटे गए ट्रक के साथ उसमें भरा लाखों रुपये का जेसीबी कंपनी का सामान भी बरामद किया है।
डीएसपी Suresh Bhadana ने बताया कि नूंह जिले के गांव रवा निवासी ट्रक चालक मोहम्मद जैद ने शिकायत दी थी कि 7 मई की रात करीब आठ बजे वह कोसीकलां से ट्रक लेकर आ रहा था। करमन बॉर्डर स्थित टोल प्लाजा के पास वसीम, इरशाद निवासी खेड़ी कंकर और साद निवासी फरदड़ी ने होडल जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी।
चालक द्वारा ट्रक में बैठाने के बाद तीनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चालक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगा दी और ट्रक में पटक दिया। बदमाश ट्रक में रखे 20 हजार रुपये लूटकर वाहन को नूंह रोड की तरफ ले गए।
डीएसपी के अनुसार रास्ते में उटावड़ के आगे एक होटल पर आरोपी खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान घायल चालक ने बाहर मौजूद लोगों को इशारा कर मदद मांगी। होटल कर्मचारियों और लोगों ने उसे ट्रक से नीचे उतारा, जबकि आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाद में साद और इरशाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उन्होंने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव खेड़ी कंकर के पास 5-6 मई की रात ट्रक कंटेनर में सो रहे चालक समीम हसन निवासी जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश की हत्या कर लूटपाट करने की वारदात भी कबूल की।
डीएसपी सुरेश भड़ाना ने बताया कि पुलिस ने अब इस गैंग के मास्टरमाइंड वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 14 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक तथा उसमें भरा जेसीबी कंपनी का लाखों रुपये का सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
