Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: अंबाला छावनी में आवारा कुत्तों का आतंक, 13 वर्षीय बच्चे पर हमला

गणेश विहार में कुत्तों ने बच्चे को किया घायल, लोगों ने पुलिस और नगर परिषद से लगाई गुहार

अंबाला छावनी। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला गणेश विहार इलाके का है, जहां गली से गुजर रहे 13 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते बच्चे के परिजन मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल बच्चे की मां पिंकी ने आरोप लगाया कि गली में रहने वाली एक महिला आवारा कुत्तों को नियमित रूप से खाना खिलाती है, जिसके कारण कुत्तों का जमावड़ा रहता है और वे राहगीरों पर हमला करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के हाथ और सिर के पीछे गंभीर चोटें आई हैं।

इलाके के लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी एक बुजुर्ग महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। महिला ने बताया कि वह दुकान पर सामान लेने जा रही थीं, तभी सड़क पर खड़े कुत्तों ने उन्हें काट लिया।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा कुत्तों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। लोगों का कहना है कि कुत्तों के डर के कारण कुछ परिवार इलाके से मकान बेचकर जाने तक को मजबूर हो रहे हैं।

घटना के बाद लोगों ने पुलिस थाने में शिकायत देकर आवारा कुत्तों से निजात दिलाने और कुत्तों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया कि गणेश विहार निवासी पिंकी नामक महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में बताया गया है कि उसके बेटे को घर के बाहर आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *