Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: बिजली व्यवस्था मजबूत करने में जुटा निगम, निदेशक अनीता सहगल ने किया 66 केवी सब डिवीजन का दौरा

तूफान के बाद बाधित बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के दिए निर्देश

अंबाला छावनी। Uttar Haryana Bijli Vitran Nigam की निदेशक बनने के बाद Anita Sehgal ने अंबाला छावनी के 66 केवी सब डिवीजन का दौरा किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली व्यवस्था तथा चल रहे प्रोजेक्टों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने बताया कि बीती रात आए तेज अंधड़ और तूफान के कारण कई क्षेत्रों से बिजली गुल होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।

अनीता सहगल ने कहा कि ऊर्जा मंत्री लगातार उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नई योजनाएं लागू कर रहे हैं। पहले बिजली बाधित होने पर घंटों तक समस्या बनी रहती थी, लेकिन अब 30 केवी सबस्टेशनों को अपग्रेड कर 66 केवी बनाए जाने, नई बिजली लाइनें बिछाने और ट्रांसफार्मर बदलने से बिजली आपूर्ति में काफी सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी कारण बिजली संबंधी समस्या आती है तो निगम का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचकर समाधान करता है।

वहीं विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पहले ही पुरानी बिजली तारों को बदला जा चुका है। साथ ही ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच की गई है और बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए नए ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था भी की गई है।

बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और बिल डिफॉल्टरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय टीमें गली-मोहल्लों में नियमित जांच कर रही हैं तथा बकाया बिल न भरने वालों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाती है और उनके खिलाफ मामले दर्ज करवाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से 2025 तक नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को विभाग सोलर पैनल सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य कर रहा है, जिसमें सरकार की ओर से सब्सिडी भी दी जाएगी।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *