Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: खेत में घास काटने गए युवक की करंट लगने से मौत, बिजली खंभा गिरने से हुआ हादसा

यमुनानगर के सढौरा इलाके में खेत में घास काटने गए एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा, जिससे हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव सरांवा में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय इरफान पुत्र गफूर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार इरफान रविवार सुबह घर से खेत में घास लेने के लिए निकला था। उसने खेत के बाहर अपनी साइकिल खड़ी की और खेत के अंदर घास काटने लगा। इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक नीचे गिर गया। खंभा गिरते ही बिजली की तारें सीधे इरफान के ऊपर आ गिरीं और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

काफी देर तक इरफान के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में खेत पहुंचे। खेत के बाहर साइकिल खड़ी मिली, जिसके बाद परिवार के लोग अंदर गए तो वहां इरफान झुलसी हालत में जमीन पर पड़ा मिला। आसपास बिजली की तारें बिखरी हुई थीं। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत गांव के अन्य लोगों को मौके पर बुलाया गया।

ग्रामीणों ने पहले बिजली सप्लाई बंद करवाई, जिसके बाद शव को खेत से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस और बिजली निगम को दी गई। सूचना मिलते ही सढौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी भेज दिया।

परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि खेत में लगाया गया बिजली का खंभा मजबूती से नहीं लगाया गया था और उसे जमीन में पर्याप्त गहराई तक नहीं गाड़ा गया था, जिसके चलते वह अचानक गिर पड़ा। परिवार का कहना है कि यदि खंभा सही तरीके से लगाया गया होता तो इरफान की जान बच सकती थी।

वहीं बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और बिजली निगम पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका इकलौता बेटा छीन लिया, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *