पिहोवा के मॉडल टाउन इलाके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदाम के पीछे एक मकान बना हुआ है, जिसके 2-3 कमरे लंबे समय से खंडहर हालत में पड़े हैं। यहां तैनात चौकीदार ने एक कमरे में युवक का शव छत में लगे लोहे के कुंडे से लोअर के सहारे लटका हुआ देखा। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना सिटी पिहोवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए LNJP Hospital की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया।
थाना सिटी पिहोवा के SHO Sunil Vats ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक दुबला-पतला है और उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच है। उसने हल्के पीले रंग की बिना कॉलर वाली टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर काले रंग में अंग्रेजी में “DENIM” लिखा हुआ है। साथ ही उसने Adidas की केपरी पहनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार युवक की दाहिनी बाजू पर एक टैटू बना हुआ है, जिसमें कोई शब्द नहीं लिखा बल्कि स्पीड को दर्शाने वाले निशान बने हुए हैं। आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
