सिरमौर / श्री रेणुका जी / नोहरा धार
नौहराधार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन का निर्माण कार्य पिछले 10 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। वर्ष 2016 में भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ 88 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी और उसी वर्ष तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसकी आधारशिला रखी थी। निर्माण कार्य की शुरुआत साइड डेवलपमेंट और खुदाई से हुई थी, लेकिन अब तक यह परियोजना पूर्ण नहीं हो पाई है।
यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 25 सिंतबर 2015 को अपग्रेड हुआ था जबकि 23 सिंतबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस भवन कि आधारशिला रखी थी
इस भवन के अधूरे होने के चलते क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा स्थिति यह है कि सीएचसी नौहराधार में केवल दो बिस्तरों की व्यवस्था है और कई बार आपात स्थिति में एक ही बिस्तर पर दो मरीजों को भर्ती करना पड़ता है। मरीजों को इलाज के लिए अक्सर अन्य अस्पतालों में रैफर किया जाता है। क्षेत्र की लगभग 24 पंचायतों के अलावा हरिपुरधार और जिला शिमला के कुपवी क्षेत्र के लोग इसी केंद्र पर इलाज के लिए निर्भर हैं। अस्पताल में न तो बैठने के लिए पर्याप्त जगह है और न ही डॉक्टरों के लिए इलाज करने की समुचित व्यवस्था। इससे मरीजों और चिकित्सकों दोनों को असुविधा हो रही है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता खजान सिंह ने बताया कि यह भवन अब 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से पाँच मंजिला बनाया जा रहा है, जिसमें लिफ्ट और पार्किंग की भी व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि 95% कार्य पूर्ण हो चुका है जो कार्य बाकी है, जिसे एक से डेढ़ माह में पूरा कर लिया जाएगा।
भवन में बेसमेंट में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, आंखों की ओपीडी, रिकॉर्ड रूम और पार्किंग, चौथी मंजिल पर ऑपरेशन थियेटर, बीएमओ कार्यालय, मीटिंग हॉल और ऊपर की मंजिल पर विशेष वार्ड व स्टोर रूम की सुविधा होगी।
गत वर्ष स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने जिला शिमला के कुपवी तहसील के मंझोली गांव के एक दिवसीय दौरे के दौरान नौहराधार में थोड़ी देर रुक कर निर्माणाधीन CHC भवन का निरीक्षण किया था उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि भवन को शीघ्रता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
यह बहुप्रतीक्षित भवन बनते ही क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिल सकती है, लेकिन इसके लंबे समय से अधूरे पड़े रहने से सरकारी कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वही अधिशासी अभियंता रामसिंह ठाकुर ने बताया कि समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC में अब केवल अंतिम चरण का कार्य बचा है बहुत जल्दी ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। वही क्षेत्र के लोगों के स्थानीय विधायक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार से अपील की है कि जल्दी ही इस समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC का माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिह सुक्खू से उद्धाटन करवाए ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का फायदा मिल सके। वही उम्मीद जताई जा रहीं हैं कि अगर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिह सुक्खू का दौरा माँ भंगायणी मेले के दोरान बनता है तो इस भवन का उद्घाटन हो सकता है
