Saturday, May 30, 2026

UJJWAL DISHA: सिरसा के ब्लू बैरी होटल में कथित देह व्यापार का मामला गरमाया, वायरल ऑडियो से उठे नए सवाल

सिरसा की ऑटो मार्केट स्थित कथित ब्लू बैरी होटल में देह व्यापार से जुड़े मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में कुछ कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है। ऑडियो में समझौते और पैसे लेकर मामला दबाने जैसी बातें सामने आने का दावा किया जा रहा है, हालांकि इन ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार वायरल ऑडियो क्लिप्स में आरोपी बताए जा रहे हैप्पी सिंगला और पीड़ित महिलाओं के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। इसमें कथित तौर पर राजीनामा कराने और पैसे देकर मामला रफा-दफा करने की बात कही जा रही है। ऑडियो में 20 से 25 हजार रुपये में “सेटिंग” होने जैसे दावे भी किए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है और ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच अधिकारी बदल दिया है। अब मामले की जांच एएसआई सीमा को सौंपी गई है, जबकि पूरे केस की निगरानी डीएसपी स्तर पर की जा रही है।

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर होटल में बुलाया गया, जहां उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में कथित तौर पर देह व्यापार में धकेला गया। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी गईं और समझौता करने का दबाव बनाया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल संचालक प्रिंस अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *