Friday, May 29, 2026

UJJWAL DISHA: ईद पर नूंह पुलिस हाई अलर्ट, 320 मस्जिदों पर सुरक्षा तैनात

सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

नूंह। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर नूंह पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने, गौकशी, अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट अथवा शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नूंह पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन के अनुसार जिले की 320 से अधिक मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि ईद की नमाज और अन्य धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स और प्लाटून तैनात की हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व कंपनियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

ईद के मद्देनजर करीब 650 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सीआईए और अन्य विशेष यूनिटों की टीमें सिविल ड्रेस में लगातार गश्त और निगरानी करेंगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

नूंह पुलिस की साइबर टीम Facebook, WhatsApp और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को भी पत्र भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भड़काऊ वीडियो, पोस्ट या आपत्तिजनक संदेश शेयर करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन किसी भी संदेश को आगे न बढ़ाएं।

28 मई को विशेष सतर्कता

पुलिस प्रशासन ने 28 मई को विशेष रूप से संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी है। वहीं 30 मई तक विशेष ड्यूटी जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।

पड़ोसी राज्यों की पुलिस से समन्वय

नूंह पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पड़ोसी जिलों और राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया है। पुलिस ने मथुरा, अलवर, खैरथल-तिजारा और गुरुग्राम पुलिस के साथ संपर्क बढ़ाया है।

इंटरस्टेट नाकों पर निगरानी तेज कर दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से ईद का त्योहार शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या भड़काऊ संदेश से दूर रहें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

नूंह पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान जिले में पूरी सतर्कता बरती जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *