कुरुक्षेत्र जिले के गांव मुकीमपुरा स्थित एक खुंबी फार्म में मंगलवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग फार्म में रखे बांस में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ियों सहित तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खुंबी फार्म के मालिक सागर ने बताया कि उनके फार्म के ऊपर से बिजली की तारें काफी नीचे से गुजर रही हैं। तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकली, जिससे फार्म में रखे बांस में आग लग गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर वह कई बार बिजली विभाग को शिकायत दे चुके थे, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सागर ने बताया कि आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग के कारण फार्म में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।
दमकल विभाग के कर्मचारी राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
