पलवल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने रोडवेज बस चालक और परिचालक की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। मंत्री ने स्वयं बस का पीछा कर उसे रुकवाया और यात्रियों को नजरअंदाज करने पर चालक-परिचालक को फटकार लगाई।
जानकारी के अनुसार, पलवल-बड़ौली सड़क मार्ग पर हरियाणा रोडवेज की एक बस हसनपुर से पलवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस स्टॉप पर खड़ी महिलाओं और अन्य यात्रियों ने बस रुकवाने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और आगे बढ़ गया।
संयोगवश उसी समय क्षेत्रीय दौरे पर निकले खेल मंत्री गौरव गौतम वहां से गुजर रहे थे। महिलाओं को बस छूटने की जानकारी मिलने पर मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और बस का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर रुकवाया। इसके बाद उन्होंने चालक और परिचालक से जवाब-तलब करते हुए यात्रियों की अनदेखी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी बस स्टॉप पर यात्रियों को छोड़कर बस आगे बढ़ाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रोडवेज कर्मचारियों का दायित्व है कि वे यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएं और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।
मंत्री के निर्देश पर बस को वापस बस स्टॉप पर भेजा गया, जहां इंतजार कर रही महिलाओं और अन्य यात्रियों को बस में बैठाया गया। सभी यात्रियों को सवार करने के बाद बस को पलवल के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर गौरव गौतम ने कहा कि आम जनता की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने रोडवेज अधिकारियों और कर्मचारियों से जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील भी की।
