नौहराधार। जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत नौहराधार तहसील में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी विनोद कुमार ने सभी पर्यवेक्षकों और प्रगणकों से राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूर्ण समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी के साथ संपन्न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और सटीक संकलन आवश्यक है।
जिला प्रशिक्षक वेद प्रकाश शर्मा तथा सुरेंद्र पुंडीर ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कुल 32 प्रगणक और पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान मकानों के सूचीकरण, भवनों की पहचान तथा उनसे संबंधित विभिन्न जानकारियों के संकलन की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में सूचीबद्ध मकानों के संबंध में लगभग 34 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को डेटा संग्रहण की विधि, प्रपत्रों के सही उपयोग और जनगणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित प्रगणक और पर्यवेक्षक जनगणना-2027 के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करेंगे तथा राष्ट्रीय स्तर पर सटीक और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
