कुरुक्षेत्र। हरियाणा में एक बार फिर खालिस्तान के नाम पर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से भेजे गए ई-मेल में कुरुक्षेत्र के प्रसिद्ध स्थाणु महादेव मंदिर और कार्तिकेय मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई है। साथ ही गुरुग्राम मेयर कार्यालय, नगर निगम कार्यालय तथा रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट करने की चेतावनी भी दी गई है।
धमकी ऐसे समय में सामने आई है जब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 5 और 8 जून को कुरुक्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। बताया जा रहा है कि 8 जून को मुख्यमंत्री का स्थाणु महादेव मंदिर में भी कार्यक्रम निर्धारित है तथा उसी दिन कुरुक्षेत्र से सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन को रवाना किया जाना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ई-मेल की शुरुआत “हरियाणा बनेगा खालिस्तान” जैसे शब्दों से की गई है। इसमें दावा किया गया है कि हरियाणा के कई हिंदू धार्मिक स्थल उनके निशाने पर हैं। ई-मेल भेजने वाले ने स्वयं को कथित रूप से “खालिस्तान नेशनल आर्मी” का सदस्य बताते हुए विभिन्न धार्मिक और सरकारी संस्थानों पर हमले की धमकी दी है।
ई-मेल में विशेष रूप से स्थाणु महादेव मंदिर और पिहोवा के कार्तिकेय मंदिर का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा 5 और 6 जून को चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट करने की बात भी लिखी गई है। मेल में लोगों को यात्रा न करने और सतर्क रहने जैसी चेतावनियां भी दी गई हैं।
धमकी भरे संदेश में 6 जून और ऑपरेशन ब्लू स्टार का उल्लेख करते हुए कथित तौर पर “बदला” लेने की बात कही गई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इन दावों की सत्यता और स्रोत की जांच कर रही हैं।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मंदिर परिसरों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्तों द्वारा मंदिर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।
फिलहाल साइबर और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने तथा धमकी की गंभीरता का आकलन करने में जुटी हुई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
