Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA: शराब ठेके से नकदी व शराब चोरी मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

कैथल, 6 जून। थाना सदर कैथल क्षेत्र के गांव छोत स्थित एक शराब ठेके में चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ द्वारा की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव छोत निवासी मोतीलाल सिंह उर्फ मोतु ने शिकायत दी थी कि उसने गांव में “स्कोच टैप चिल्लर” नाम से शराब का ठेका लिया हुआ है। 31 मई की रात करीब 10 बजे उसका सेल्समैन सुमित कुमार ठेका बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 1 जून की सुबह जब वह ठेके पर पहुंचा तो खिड़की टूटी हुई मिली। जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 10 से 11 हजार रुपये की नकदी गायब थी।

स्टॉक की जांच में पता चला कि चोर नकदी के अलावा करीब 70 बोतल अंग्रेजी शराब भी चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो से तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, जिसके आधार पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई ईशम सिंह की टीम ने गांव दुब्बल निवासी नरेंद्र सिंह और शिवांग, गांव कुराड़ निवासी अमन कुमार तथा उचाना खुर्द निवासी संदीप को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संदीप कुमार ने वारदात से पहले ठेके की रेकी की थी, जबकि अन्य तीन आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, एक कुल्हाड़ी तथा चोरी की गई राशि में से 1,770 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।