चंबा, 9 जून। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार सुबह अपने परिवार के साथ विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार का भ्रमण किया और यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि खजियार दुनिया के सबसे सुंदर पर्यटन स्थलों में से एक है। उन्होंने कहा कि यहां की शांत वादियां, स्वच्छ वातावरण, हरे-भरे मैदान और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य इसे विश्वस्तरीय पर्यटन स्थलों की श्रेणी में स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि खजियार की खूबसूरती का दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है और यह स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला चंबा प्रवास के दौरान राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए आतिथ्य एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की मेहमाननवाजी और प्राकृतिक संपदा दोनों ही अद्वितीय हैं।
खजियार भ्रमण के उपरांत मुख्य निर्वाचन आयुक्त जिला कांगड़ा के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर मुकेश रेपसवाल, विजय सकलानी, अमित मेहरा, प्रियांशु खाती, मुरारी लाल, नीरज चांदला, मनमोहन सिंह, तविंद्र चिनौरिया तथा अनूप डोगरा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
