Saturday, June 13, 2026

UJJWAL DISHA@ जगाधरी में सनसनी: समता योग आश्रम के पास खाली प्लॉट की झाड़ियों में मिला युवक का सड़ा-गला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

जगाधरी। समता योग आश्रम के नजदीक उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली प्लॉट की झाड़ियों के बीच करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

 शौच के लिए गए युवक ने सबसे पहले देखा शव

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक स्थानीय युवक जब खाली प्लॉट की तरफ शौच के लिए गया, तो उसने झाड़ियों के बीच एक शव पड़ा हुआ देखा। युवक ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के निवासियों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फोरेंसिक (FSL) एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

 सड़ी-गली अवस्था में मिला शव, नहीं मिला कोई पहचान पत्र

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई है। बरामदगी के वक्त मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। पुलिस को मृतक की जेब या आसपास से ऐसा कोई दस्तावेज, मोबाइल या पहचान पत्र नहीं मिला है जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। शुरुआती जांच और मेडिकल निरीक्षण में शरीर पर चोट या किसी प्रकार के संघर्ष (Struggle) के निशान नहीं पाए गए हैं।

 अत्यधिक शराब के सेवन से मौत की आशंका

स्थानीय लोगों और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ में एक अहम बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि दो-तीन दिन पहले इसी युवक को आसपास के इलाके में घूमते और शराब पीते हुए देखा गया था। इस आधार पर प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब के सेवन या भीषण गर्मी के कारण युवक की मौत हुई होगी।