Saturday, June 13, 2026

UJJWAL DISHA@फरीदाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात ट्रक की टक्कर से महिला समेत दो की मौत, एक घायल

फरीदाबाद में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बड़खल मेट्रो फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय विशाल एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपने दोस्त अभिषेक और एक महिला के साथ गुरुवार रात करीब 11 बजे बल्लभगढ़ से दिल्ली की ओर बाइक पर घर लौट रहा था। विशाल और अभिषेक एक ही कंपनी में काम करते थे और गांव जाजरू में किराए के मकान में रहते थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक बड़खल मेट्रो फ्लाईओवर के पास पहुंची, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत बीके अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विशाल और महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अभिषेक का उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृत महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।