Wednesday, July 29, 2026

UJJWAL DISHA@योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा के संदेश के साथ वॉकथॉन का आयोजन, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने दिखाई हरी झंडी

कुरुक्षेत्र, 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग से “योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” विषय पर वॉकथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, एसडीएम अमन कुमार तथा बड़ी संख्या में योग साधकों ने वॉकथॉन में भाग लिया और योगाभ्यास भी किया। कार्यक्रम में युवाओं एवं आम नागरिकों को योग अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सुभाष सुधा ने कहा कि देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, वही समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकेगा। युवाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा “योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा” जैसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों से गांव-गांव में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है और लाखों लोग इसमें भाग लेते हैं।

सुभाष सुधा ने बताया कि पिछले वर्ष कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों ने भाग लेकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया था। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है तथा बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, आयुष विभाग के कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।