Wednesday, July 29, 2026

नरवाना के हरनामपुरा में गोलियों की गूंज, मामूली विवाद के बाद 5 राउंड फायर; दो घायल

नरवाना/जींद। जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के गांव हरनामपुरा में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक ग्रामीण और बिजली विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, हाल ही में आए तूफान के कारण गांव हरनामपुरा में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। इन्हें दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग की टीम पिछले कई दिनों से मरम्मत कार्य में जुटी हुई थी।

शुक्रवार शाम कान्हाखेड़ा-हरनामपुरा रोड पर मरम्मत कार्य के दौरान धमतान साहिब निवासी बसावा वहां पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका बिजली कर्मचारियों से विवाद हो गया।

महिलाओं के सामने गाली-गलौज का विरोध करने पर चली गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान गांव के सुरेंद्र ने महिलाओं की मौजूदगी का हवाला देते हुए उसे अभद्र भाषा का प्रयोग न करने की सलाह दी।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और ताबड़तोड़ करीब पांच राउंड फायर कर दिए।

ग्रामीण और बिजली कर्मचारी घायल

फायरिंग में हरनामपुरा निवासी सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगने की बात सामने आई है। वहीं, बिजली विभाग का एक कर्मचारी भी गोली लगने से घायल हुआ है।

दोनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने सुरेंद्र के शरीर से दो गोलियां निकाली हैं।

आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरपंच ने की सख्त कार्रवाई की मांग

गांव के सरपंच सतीश कुमार ने बताया कि बिजली विभाग की टीम गांव में क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर रही थी। इसी दौरान विवाद के बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: जय राम ठाकुर से मिले सिरमौर के नवनिर्वाचित जिला परिषद प्रतिनिधि, विकास कार्यों पर हुई चर्चा