Wednesday, July 29, 2026
करन दलाल एसआईआर बयान

हथीन में कांग्रेस का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर, एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

हथीन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से एसआईआर प्रभारी तथा पूर्व मंत्री करन दलाल ने रविवार को हथीन स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम का संयोजन कांग्रेस नेता महिपाल बंधु और युवा कांग्रेस नेता साजिद अजमत ने किया।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान करन दलाल ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर बूथ पर सक्रिय है और मतदाता सूची से संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

करन दलाल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर के माध्यम से विपक्षी दलों के वोट काटने और अपने समर्थकों के वोट जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी पात्र मतदाता का वोट न कटे और न ही कोई फर्जी वोट सूची में शामिल हो।

इस दौरान पूर्व मंत्री ने अपनी ही पार्टी के बागी विधायक मोहम्मद इसराइल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने निजी हितों के चलते जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाई है और इसका राजनीतिक परिणाम उन्हें भविष्य में भुगतना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: भिवानी में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई नीट परीक्षा, 3842 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या पक्षपात सामने आता है तो कांग्रेस उसका विरोध करेगी।

कार्यक्रम के संयोजक महिपाल बंधु ने बताया कि हथीन क्षेत्र में यह दूसरा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देना और संगठन को मजबूत करना है।