नारनौल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को नारनौल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हालांकि यह कार्यक्रम पहले आईटीआई मैदान में बड़े स्तर पर आयोजित किया जाना था, लेकिन बारिश के कारण कार्यक्रम को नारनौल के सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने शिरकत की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि वर्ष 2015 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जा रहा है और यह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का परिणाम है कि आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है।
उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे हर व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनि प्राचीन काल से योग करते आए हैं, जिसके कारण उनका जीवन लंबा और निरोगी रहता था।
यह भी पढ़ें: हथीन में कांग्रेस का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर, एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
विधायक ने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालें, ताकि स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकें। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन और प्राणायाम भी कराए गए।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया और लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
