कुरुक्षेत्र। जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ पुलिस कर्मचारियों द्वारा कथित कुकर्म किए जाने के मामले को लेकर समाज के लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। रविवार को कुरुक्षेत्र स्थित रविदास आश्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रेस वार्ता के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस मामले में पुलिस प्रशासन का रवैया संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि मामले में अब तक की गई कार्रवाई ढुलमुल प्रतीत होती है, जिससे समाज के लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
समाज के लोगों ने बताया कि वे पीड़ित युवक से पहले भी मुलाकात कर चुके हैं और दोबारा भी उससे मिलने जाएंगे। उन्होंने मांग की कि पीड़ित युवक का दोबारा कराया गया मेडिकल सार्वजनिक किया जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मेडिकल रिपोर्ट के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो समाज इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
समाज के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो वे सड़कों पर उतरने और बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें: धुलकोट स्थित मेडवीन दवा फैक्ट्री में लगी आग, दमकल विभाग ने पाया काबू
