मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे सफाई कर्मचारी
भिवानी में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी एक बार फिर अपनी लंबित मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शहर में नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारी लघु सचिवालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
13 मई के समझौते पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि मई माह में सरकार के साथ उनकी मांगों को लेकर समझौता हुआ था, लेकिन अब तक उस समझौते को लागू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
30 जून तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा आंदोलन
सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते के तहत कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित कई मांगों पर सहमति बनी थी। इसके लिए 30 जून तक का समय तय किया गया था, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई पत्र जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 30 जून तक सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो कर्मचारी बैठक कर आगामी रणनीति तय करेंगे और 6 अगस्त से बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन आर-पार की लड़ाई होगा।
यह भी पढ़े: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, यमुनानगर में BKU (चढ़ूनी) ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपकर सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता न अपनाना पड़े।
