क्राइम ब्रांच-2 की टीम को मिली बड़ी सफलता
यमुनानगर पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों के साथ लूट की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कल बाईपास के पास निर्माणाधीन पांवटा साहिब हाईवे पर एक स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर एएसआई सुनील, योगेश, संजय, कृष्ण कुमार, संजीव और मनोज कुमार की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्विफ्ट कार सहित तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।
तलाशी में मिले हथियार और कारतूस
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान जठलाना निवासी अनीश उर्फ पम्मा, नफीस उर्फ चिता और इकराम उर्फ गुल्लू के रूप में हुई।
यह भी पढ़े: भिवानी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी नफीस के खिलाफ तीन, इकराम के खिलाफ तीन और अनीश उर्फ पम्मा के खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी अनीश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।
सुपारी लेकर मारपीट करने का भी आरोप
एडिशनल एसपी आशीष चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों से सुपारी लेकर मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
