Wednesday, July 29, 2026

यमुनानगर: विधायक और एसपी आवास के पास शोरूम में चोरी, 80 हजार नकद और 3 मोबाइल ले उड़ा चोर

यमुनानगर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोर ने एक कपड़ों के शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 80 हजार रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात विधायक आवास और पुलिस अधीक्षक आवास से कुछ ही दूरी पर हुई। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन स्थित नजाकत शोरूम में चोर तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम के डक्ट के रास्ते अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद वह शोरूम के काउंटर तक पहुंचा और गल्ले में रखी करीब 80 हजार रुपये की नकदी तथा तीन मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से बाहर निकल गया।

मंगलवार सुबह जब शोरूम मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत सिटी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है। प्रारंभिक जांच में घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई सिक्योरिटी और व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़े: ऑपरेशन स्माइल के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता, 9 दिन बाद मिला गुमशुदा बालक

 

पुलिस जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।