महीनों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण, धूल-मिट्टी से व्यापार प्रभावित
कैथल जिले के राजौंद कस्बे में लंबे समय से धीमी गति से चल रहे सड़क निर्माण कार्य और उड़ती धूल-मिट्टी से परेशान दुकानदारों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। इनेलो के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला प्रधान सोनू वर्मा राजौंद के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सड़क पर उतरे व्यापारी, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों और इनेलो कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और तहसीलदार कार्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।
‘विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे इनेलो बीसी मोर्चा जिला प्रधान सोनू वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने कहा कि राजौंद की मुख्य सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है और निर्माण कार्य शुरू होने के बाद भी महीनों से अधूरा पड़ा है।
धूल से प्रभावित हो रहा व्यापार, बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याएं
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सड़क पर लगातार उड़ रही धूल के कारण दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है और ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। इसके अलावा धूल-मिट्टी के कारण दुकानदारों और राहगीरों को सांस और आंखों से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े: आपातकाल की वर्षगांठ पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, बोले- लोकतंत्र पर सबसे बड़ा प्रहार कांग्रेस ने किया
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
दुकानदारों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
प्रदर्शन के बाद तहसीलदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
