Wednesday, July 29, 2026
आपातकाल 51 वर्ष प्रदर्शनी कुरुक्षेत्र

आपातकाल के 51 वर्ष: कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर भाजपा की प्रदर्शनी, कांग्रेस पर साधा निशाना

कुरुक्षेत्र। देश में आपातकाल लागू होने के 51 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, पिहोवा से भाजपा प्रत्याशी रहे जय भगवान शर्मा डीडी और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया।

पूर्व मंत्री सुभाष सुधा और जय भगवान शर्मा डीडी ने कहा कि 25 जून 1975 की रात तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लागू किया गया था, जिसने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना को गहरी चोट पहुंचाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने शासनकाल में संविधान को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार तोड़ा-मरोड़ा और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया।

भाजपा नेताओं ने बताया कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले कुरुक्षेत्र के 20 लोकतंत्र सेनानियों को आज पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर लगाई गई प्रदर्शनी में आपातकाल के दौरान देशभर में हुई घटनाओं और लोकतंत्र सेनानियों को दी गई यातनाओं को विस्तार से दर्शाया गया। प्रदर्शनी में यह दिखाया गया कि किस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित कई वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं को जेल में बंद किया गया तथा उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया गया।

 

यह भी पढ़े: NEET और पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का ऐलान

 

 

भाजपा नेताओं ने कहा कि आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला गया और आम नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीन ली गई। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतंत्र के इस काले अध्याय के बारे में जानकारी देना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया तथा आपातकाल से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों और तस्वीरों का अवलोकन किया।