अंबाला। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से देश के लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि बार-बार परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार इन मामलों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शिक्षा मंत्री कब अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे और कब तक छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता रहेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों की आवाज उठाती रही है और आगे भी युवाओं के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। मुलाना ने कहा कि लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर रही हैं।
वहीं, भाजपा द्वारा आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी सांसद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वर्तमान मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अतीत की राजनीति कर रही है। मुलाना ने कहा कि आपातकाल के बाद हुए चुनावों में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिला था, जबकि भाजपा सीमित सीटों पर सिमट गई थी।
यह भी पढ़े: आपातकाल के 51 वर्ष: कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर भाजपा की प्रदर्शनी, कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले किसानों की आय दोगुनी करने और युवाओं को रोजगार देने जैसे कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक ये वादे धरातल पर पूरे नहीं हो सके हैं।
मुलाना ने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है और आम जनता को इन 12 वर्षों का कोई विशेष लाभ दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक कार्यक्रमों के बजाय युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
