Tuesday, July 28, 2026
भिवानी पहाड़ी माता मंदिर जांच

भिवानी पहाड़ी माता मंदिर प्रकरण: एडीसी बोले- जल्द पूरी होगी जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई

भिवानी। भिवानी के प्रसिद्ध महाभारतकालीन पहाड़ी माता मंदिर से जुड़े सोना-चांदी बरामदगी मामले की जांच अब तेज हो गई है। प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, गांव पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी माता मंदिर के एक पूर्व कर्मचारी के घर से करीब 13 तोले सोना और डेढ़ किलो चांदी बरामद हुई थी। बरामद आभूषणों और अन्य सामान को मंदिर की संपत्ति बताया जा रहा है। मामले की शिकायत ग्रामीण नरेश पहाड़ी ने एसडीएम लोहारू और डीसी भिवानी को दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने एडीसी के नेतृत्व में जांच समिति गठित की।

एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद किए गए सोना-चांदी के स्रोत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि यह सोना-चांदी कहां से आया और इसका वास्तविक स्रोत क्या है। यदि संबंधित पक्ष इसके स्रोत का संतोषजनक प्रमाण नहीं दे पाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक जांच में महत्वपूर्ण निर्णय सामने आने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े पक्षकारों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। प्रशासन का प्रयास है कि मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहे और मंदिर में अर्पित की गई संपत्ति पूरी तरह सुरक्षित रहे। वर्तमान में मंदिर की देखरेख प्रशासन के अधीन है और लोहारू तहसीलदार को रिसीवर नियुक्त किया गया है।

एडीसी ने बताया कि जिन ज्वैलर्स के बिल इस मामले में सामने आए हैं, उनसे भी पूछताछ की गई है। साथ ही इन बिलों की सत्यता की जांच के लिए जीएसटी विभाग की मदद ली जा रही है। यदि आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत नहीं किए गए तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़े:  पानीपत के सोमाया होटल में शादी समारोह के दौरान बवाल, होटल मालिक के बेटे से मारपीट

 

शिकायतकर्ता नरेश पहाड़ी ने आरोप लगाया कि मंदिर के पूर्व कर्मचारी और संबंधित ज्वैलर्स जांच के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि एक ही दिन में दो-दो लाख रुपये के कई बिल काटे गए हैं, जिसकी गहन जांच की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मामले में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि पहाड़ी माता मंदिर का संचालन पिछले 17 वर्षों से प्रशासन के अधीन है। जिस पूर्व कर्मचारी पर आरोप लगे हैं, वह मंदिर में सीसीटीवी प्रभारी और सुपरवाइजर के रूप में कार्य कर चुका है तथा उसे करीब तीन-चार महीने पहले हटाया गया था।

मंदिर के पुजारी सुरेंद्र शास्त्री के अनुसार, पहाड़ी माता मंदिर एक प्रमुख शक्ति पीठ है, जिसके गुंबद पर करीब 52 किलोग्राम सोना लगा हुआ है। मंदिर की दीवारों, छतों और दरवाजों पर भी सोने और चांदी की सजावट की गई है।