Wednesday, July 29, 2026

पलवल बस अड्डे के बाहर सवारियां उतारने पर रोडवेज सख्त, चालक-परिचालक पर होगी कार्रवाई

पलवल। हरियाणा रोडवेज की बसों द्वारा बस अड्डे के बाहर यात्रियों को उतारने और वहीं से संचालन करने की शिकायतों पर अब विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पलवल रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) जितेंद्र यादव ने नियमों की अनदेखी करने वाले एक बस चालक और परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।

दरअसल, हरियाणा रोडवेज के नियमों के अनुसार सभी बसों को यात्रियों को बस अड्डे के अंदर उतारना और वहीं से सवारियां बैठानी अनिवार्य है। लेकिन पलवल बस अड्डे पर लंबे समय से इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इससे बस अड्डे के अंदर यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसों का इंतजार करते रह जाते हैं, जबकि कई बसें बाहर से ही यात्रियों को उतारकर आगे निकल जाती हैं।

इसी तरह के एक मामले को गंभीरता से लेते हुए रोडवेज जीएम जितेंद्र यादव ने फरीदाबाद डिपो की एक बस पर कार्रवाई की। यह बस फरीदाबाद और अलीगढ़ के बीच संचालित होती है। आरोप है कि बस चालक और परिचालक ने पलवल बस अड्डे के बाहर ही यात्रियों को उतार दिया और बस को आगे ले गए।

 

यह भी पढ़ें: नांगल चौधरी में CCTV कैमरों को लेकर उठे सवाल, पुलिस बोली- इंस्टॉलेशन के बाद एक्सेस केवल थाना के पास रहेगा

 

मामले की जानकारी मिलने पर जीएम ने बस का नंबर नोट किया और संबंधित चालक व परिचालक पर जुर्माना लगाने की सिफारिश की। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह जुर्माना संबंधित कर्मचारियों के मासिक वेतन से काटा जाएगा।

रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अब देखने वाली बात होगी कि इस कार्रवाई के बाद बस चालकों और परिचालकों के रवैये में कितना बदलाव आता है।