Wednesday, July 29, 2026
पलवल अमृत सरोवर परियोजना

पलवल को विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री गौरव गौतम ने किया अमृत सरोवर और अस्पताल रिनोवेशन कार्य का शुभारंभ

पलवल। हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल जिला लघु सचिवालय स्थित सभागार में अमृत सरोवर योजना के तहत विकास कार्यों तथा पलवल के नागरिक अस्पताल के जीर्णोद्धार (रिनोवेशन) कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, भाजपा नेता मनोज रावत, उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के सभी जिलों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 222.97 करोड़ रुपये की लागत से 325 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया है। वहीं स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत 114 करोड़ रुपये की लागत वाली सात महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ हुआ है।

पलवल में 24 अमृत सरोवरों का होगा सौंदर्यीकरण

मंत्री ने बताया कि पलवल जिले में 10.40 करोड़ रुपये की लागत से 24 अमृत सरोवरों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा पलवल के नागरिक अस्पताल को 7 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के तहत पलवल जिले में सीवरेज नेटवर्क, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आने वाले समय में पलवल को आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब चुनाव प्रचार को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के मुद्दों पर कोई काम नहीं बचा है और जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग स्वयं कानूनी मामलों और जमानतों में उलझे हुए हैं, वे भाजपा सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को बार-बार चुनावों में नकारा है और अब विपक्ष केवल बेबुनियाद आरोप लगाने का काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें: बस अड्डे के बाहर अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, रेहड़ी-फड़ी हटाई गई, गलत पार्किंग करने वालों को चेतावनी

राव इंद्रजीत की अनुपस्थिति पर दिया जवाब

रेवाड़ी में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कुछ विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर गौरव गौतम ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह संगठित है और विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है।