Wednesday, July 29, 2026
काजल हाजी किन्नर ऑडियो विवाद

कथित ऑडियो पर बढ़ा विवाद, काजल हाजी किन्नर पर सनातन धर्म के अपमान का आरोप; सुप्रीम कोर्ट में याचिका की तैयारी

गुरुग्राम/सोहना। गुरुग्राम की काजल हाजी किन्नर से जुड़े एक कथित ऑडियो को लेकर किन्नर समाज में विवाद गहरा गया है। सोहना-तावडू किन्नर समाज की ओर से प्रेस को जारी बयान में काजल हाजी किन्नर पर सनातन धर्म के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है। वहीं मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी किए जाने का दावा भी किया गया है।

सोहना-तावडू किन्नर समाज की प्रधान सीमा सिसोदिया उर्फ मनोज सिसोदिया की चेेला एवं उपप्रधान गरिमा यादव ने कहा कि इससे पहले भी काजल हाजी किन्नर ने सोहना-तावडू के किन्नर समाज पर नशा बेचने और अवैध निर्माण जैसे आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। उनका दावा है कि पुलिस जांच में ये आरोप सही साबित नहीं हुए।

गरिमा यादव का आरोप है कि बाद में सामने आए एक कथित ऑडियो में काजल हाजी किन्नर ने पुलिस प्रशासन पर पैसे लेकर कार्रवाई करने के आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि ऑडियो में सनातन धर्म को लेकर भी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि, इन आरोपों और कथित ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी की जा रही है। याचिका के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच और यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो किन्नर समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगा।

यह भी पढ़ें: अंबाला में सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी, 100 स्थानों पर लगाए जाएंगे CCTV कैमरे, 10 करोड़ का प्रस्ताव सरकार को भेजा

इस बीच, काजल हाजी किन्नर की गुरु रेशमा नायक किन्नर का एक वीडियो भी चर्चा में है। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि सोहना-तावडू के किन्नर समाज का इस विवाद से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वहां के किन्नरों पर लगाए गए आरोप गलत हैं और किसी भी धर्म, समाज या व्यक्ति पर बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है।

फिलहाल इस पूरे मामले में संबंधित पक्षों के दावों और आरोपों के आधार पर विवाद जारी है। मामले की जांच या कानूनी प्रक्रिया के बाद ही तथ्यों की स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी।