कुरुक्षेत्र। शहर के पुराने बस स्टैंड के समीप गांधीनगर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति गंभीर थी और गर्दन तथा शरीर अलग-अलग मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
रेलवे पुलिस के कर्मचारी परमिंदर सिंह ने बताया कि पुराने बस स्टैंड के पास रेलवे ट्रैक पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला है। फिलहाल मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को मृतक की जेब से कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर उसकी शिनाख्त की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
