Wednesday, July 29, 2026
गगड़वाला मंदिर सरोवर में मछलियों की मौत

गगड़वाला मंदिर के पवित्र सरोवर में सैकड़ों मछलियों की मौत, ऑक्सीजन की कमी से फैली चिंता

यमुनानगर। साढ़ौरा कस्बे के प्राचीन गगड़वाला मंदिर के पवित्र सरोवर में उस समय हड़कंप मच गया, जब सैकड़ों मछलियां मृत अवस्था में पानी की सतह पर तैरती दिखाई दीं। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्राथमिक जांच में पानी में घुली ऑक्सीजन की कमी और सतह पर जमी काई की मोटी परत को मछलियों की मौत की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

गगड़वाला मंदिर का यह सरोवर क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन करने आते हैं और मछलियों को आटा व दाना खिलाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से सरोवर का पानी दूषित होता जा रहा था और इसकी जानकारी संबंधित विभाग को भी दी गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह स्थिति पैदा हुई।

मछलियों के मरने से सरोवर के आसपास दुर्गंध फैल गई, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सरोवर की नियमित सफाई करवाई जाए और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सूचना मिलने पर मत्स्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सरोवर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पानी के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार बची हुई मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए सरोवर में अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा तथा आवश्यक दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा, जिससे पानी में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाया जा सके।

मत्स्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि सरोवर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार का कचरा या अन्य सामग्री पानी में न डालें, ताकि जल स्रोत सुरक्षित रह सकें और जलीय जीवों का संरक्षण किया जा सके।

यह भी पढ़ें: यमुनानगर में पैगंबर साहब पर कथित टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम समुदाय का प्रदर्शन, कार्रवाई की उठाई मांग