कुरुक्षेत्र। दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे एक कुख्यात बदमाश को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया और एक पुलिसकर्मी की बाजू पर दांत काटकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और हवाई फायर किया। आरोपी के नहीं रुकने पर उसकी टांग में गोली मारकर उसे काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान सोढ़ी गांव निवासी विशाल उर्फ विक्की के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल उसका इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए-2 की टीम आरोपी को उसके घर से अवैध हथियार बरामद कराने के बाद वापस कुरुक्षेत्र लेकर लौट रही थी। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से दो अवैध पिस्टल, चार मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वापसी के दौरान उमरी चौक के पास आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही। जैसे ही पुलिसकर्मी उसे नीचे लेकर गए, उसने अचानक एक जवान को काट लिया और खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी और हवाई फायर किया। इसके बावजूद आरोपी लगातार भागता रहा, जिसके बाद उसकी दाहिनी टांग पर गोली चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच के अनुसार विशाल उर्फ विक्की का नाम 14 जून को गांधी नगर में हुए गोलीकांड में भी सामने आया था। आरोप है कि उसने मुख्य आरोपियों राहुल बारना और उसके साथियों को हथियार उपलब्ध कराए थे। प्रारंभिक जांच में यह गोलीकांड जुआ और सट्टे के कारोबार से जुड़े विवाद का परिणाम बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों तथा हथियारों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
