अंबाला। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अंबाला ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सफर कर रहे एक व्यक्ति को संदिग्ध पहचान पत्र के साथ पकड़ा है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति के गले में लटका आई कार्ड पर उसका नाम सुधीर कुमार और पद ट्रैफिक विजिलेंस इंस्पेक्टर लिखा हुआ था। RPF ने व्यक्ति को पूछताछ के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया, जिसके बाद GRP ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। GRP इंचार्ज हरीश के अनुसार, अमृतसर से दिल्ली जा रही ट्रेन में टिकट चेकर को व्यक्ति की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद RPF को सूचना दी गई। RPF ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया और बाद में GRP को सौंप दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यक्ति दिल्ली में रहता है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। GRP के मुताबिक, उसके पास मिले आई कार्ड की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार्ड असली है या फर्जी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में गूंजेगा ‘जय जय जय हरियाणा’ राज्य गीत, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए आदेश
