अंबाला। सावन महीने की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है। इस दौरान हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। अंबाला मंडल के तहत बठिंडा और हरिद्वार के बीच विशेष अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जाएगी।
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन 30 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
यात्रियों की मांग पर मिली मंजूरी
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि सावन के दौरान हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन की मंजूरी मांगी गई थी। अब स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेन 30 जुलाई से नियमित रूप से संचालित की जाएगी।
सुबह 5:30 बजे बठिंडा से रवाना होगी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे बठिंडा से रवाना होगी और विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बरनाला, धूरी, पटियाला और अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी रहेगा।
भीड़ नियंत्रण में मिलेगी मदद
उत्तर रेलवे का मानना है कि सावन के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में यह विशेष ट्रेन यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस विशेष सेवा का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
