रेवाड़ी। जिले के औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ओम नगर मोहल्ले में स्थित एक कमरे में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि पास में स्थित एक परचून की दुकान की दीवार भी गिर गई। हादसे में चार लोग झुलस गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को तुरंत रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य दो का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
एमपी और बिहार के मजदूर हुए घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी मनु मंसूरी और बिहार निवासी अभय, विनय तथा चंदन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग कमरे में मौजूद थे, तभी गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ।
धमाके के बाद इलाके में मचा हड़कंप
जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने शुरू किया राहत कार्य
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फायर ब्रिगेड ने आग और अन्य संभावित खतरे पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के बाद सामने आएगी ब्लास्ट की असली वजह
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका है। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
डॉक्टर ने बताई घायलों की हालत
रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. दीपक धनखड़ ने बताया कि चार लोग बर्निंग केस के साथ अस्पताल पहुंचे थे। इनमें से दो मरीज 70 प्रतिशत से अधिक झुलसे हुए थे, जिन्हें गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाकी दो घायलों का इलाज जारी है।
