अंबाला: अंबाला के गांव कलालती में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में घास लेने जा रहे एक युवक पर फायरिंग की वारदात सामने आई। फायरिंग में गांव निवासी बलविंदर वालिया के पैर में गोली लग गई। घायल युवक को उपचार के लिए अंबाला छावनी सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
कार सवार युवकों ने पहले मारी टक्कर, फिर की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, बलविंदर वालिया मंगलवार सुबह अपने भाई राजू और बालवीर के साथ खेतों में घास लेने जा रहा था। इसी दौरान कार सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर बलविंदर को टक्कर मारी। इसके बाद उस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
फायरिंग के दौरान एक गोली बलविंदर के पैर में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर पहुंचे, जिसके बाद कथित हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है मामला
गांव के सरपंच साहिल वालिया के मुताबिक, शुरुआती तौर पर इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब आठ महीने पहले भी बलविंदर के भतीजों का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। उस दौरान भी फायरिंग की घटना सामने आने की बात कही जा रही है।
ग्रामीण मंगलवार सुबह हुई फायरिंग की घटना को इसी पुराने विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बाइट: साहिल वालिया, सरपंच, गांव कलालती।
अस्पताल में घायल का इलाज जारी
वहीं, अंबाला छावनी सिविल अस्पताल में डॉक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार फिलहाल घायल की हालत बेहतर है।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वारदात के पीछे क्या कारण था और फायरिंग करने वाले कौन लोग थे।
