नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में तावडू-नूंह रोड पर मारिया मंजिल स्कूल के पास देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, परिवार के पांच सदस्य बाइक पर सवार होकर अपने गांव पाड़ला जा रहे थे। जैसे ही वे मारिया मंजिल स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पिता और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शव मेडिकल कॉलेज नल्हड़ भेजे
सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शवगृह में रखवा दिया। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रक मौके पर छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि एक महिला घायल है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव पाड़ला में पसरा मातम
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से गांव पाड़ला में मातम पसरा हुआ है। देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार और ग्रामीणों में गहरा सदमा है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
