अंबाला: दशहरा और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए फायर ब्रिगेड विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंबाला छावनी, अंबाला शहर, नारायणगढ़ और बराड़ा में दमकल गाड़ियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। वहीं, बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
अंबाला और आसपास के क्षेत्रों में दमकल टीमें तैनात
फायर विभाग के अनुसार, अंबाला छावनी फायर स्टेशन में 14 गाड़ियों के साथ 26 कर्मचारी कार्यरत हैं। अंबाला शहर में भी 14 गाड़ियों पर 24 कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा नारायणगढ़ में 6 गाड़ियों के साथ 25 कर्मचारी और बराड़ा में 3 गाड़ियों पर 5 से 6 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
त्योहारों के मद्देनजर विभाग ने कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बाजारों में दुकानदारों को किया जा रहा जागरूक
दशहरा और दिवाली से पहले बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीमें बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही हैं। दुकानदारों को जागरूक किया जा रहा है कि वे स्टॉल इस तरह लगाएं कि रास्ते बाधित न हों और आपात स्थिति में दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में परेशानी न आए।
तंग गलियों में आग बुझाने के लिए आधुनिक उपकरण
फायर विभाग का कहना है कि बाजारों की तंग गलियों में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पाइप और आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात करने पर विचार किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की अपील
फायर अधिकारियों ने अंबाला के लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान पटाखे चलाते समय सावधानी बरतें। हवा में जाने वाले पटाखों से परहेज करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। विभाग का कहना है कि सतर्कता बरतकर आगजनी की घटनाओं और जान-माल के नुकसान से बचा जा सकता है।
